खबर का असर: पतंजलि फ्लाईओवर के पास जागा प्रशासन, मुस्तैद दिखे पुलिसकर्मी

बहादराबाद: दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर निर्माणाधीन पतंजलि फ्लाईओवर के पास रोजाना लग रहे भीषण जाम और यातायात अव्यवस्था को लेकर ‘सच की हद तक’ द्वारा शनिवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इस खबर का सोमवार को व्यापक असर देखने को मिला। खबर का संज्ञान लेते हुए कोतवाली बहादराबाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।सोमवार को कोतवाली बहादराबाद की ओर से पतंजलि फ्लाईओवर के पास दो पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात किया गया। दिनभर वाहनों के भारी दबाव के बीच दोनों पुलिसकर्मी मौके पर डटे रहे और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया।गौरतलब है कि शनिवार को खबर में उजागर किया गया था कि फ्लाईओवर निर्माण के कारण सर्विस रोड पर दबाव बढ़ गया है और सुरक्षित कट न होने से लोग गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन दौड़ा रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। बिना पुलिसकर्मियों के स्थिति और विकराल हो रही थी।खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए प्रशासन और पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। लोगों ने ‘सच की हद तक’ का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक यहां नियमित रूप से पुलिस बल तैनात रखा जाएगा ताकि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *