समस्याएंहरिद्वारजिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाता है।इस दौरान विभिन्न विभागों से कुल 90 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 55 समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया।जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जल भराव, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। इनमें जगजीतपुर निवासी श्यामलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में आवास उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। वहीं, प्रार्थी धर्मेंद्र (पुत्र लालसिंह) ने रुड़की के रांघडवाला परगना में वर्ष 1998-99 में आवंटित पट्टे (खसरा नंबर 333) को आज तक खतौनी में दर्ज न किए जाने की शिकायत करते हुए इसे जल्द दर्ज कराने की मांग की। इसके अलावा, समाजसेवी नितिन यादव ने भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक गंगा पटरी मार्ग के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का प्रार्थना पत्र दिया और भूपतवाला के व्यापारी पीठ बाजार की व्यवस्था में सुधार लाने या इसे अन्य उपयुक्त भूमि पर शिफ्ट करने के लिए भी ज्ञापन सौंपा गया।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं का निराकरण त्वरित और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, वहां अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करें।बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता करने तथा स्थलीय निरीक्षण कर स्वयं मिलकर समस्या का समाधान जानने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों में वर्तमान में L1 स्तर पर 524 और L2 स्तर पर 134 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र और प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित हुई जनसुनवाई, मौके पर निस्तारित हुईं 55
