बहादराबाद :दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर पतंजलि फ्लाईओवर के समीप इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी होने के कारण हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को फ्लाईओवर के ऊपर से न भेजकर नीचे सर्विस रोड से निकाला जा रहा है। इस कारण हरिद्वार और रुड़की, दोनों ओर से आने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। समस्या तब और गंभीर हो जाती है जब सहदेवपुर रोड से आने वाले वाहनों को शांतरशाह मार्ग या आसपास के अन्य स्थानों पर जाना होता है। हाईवे पार करने के लिए कोई सुरक्षित माध्यम न होने के कारण चालकों को विवश होकर 50 से 100 मीटर तक हाईवे की एक ही साइड पर विपरीत दिशा में चलना पड़ रहा है। दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहन एक ही पट्टी पर आमने-सामने से गुजर रहे हैं, जिससे राहगीरों के लिए पैदल चलना तक मुहाल हो गया है और हर पल भीषण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। शाम के समय जब सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, तब स्थिति और भी विकराल हो जाती है। घंटों तक लगने वाले जाम से स्थानीय निवासी, व्यापारी और यात्री बेहाल हैं। हैरानी की बात यह है कि इस संवेदनशील मोड़ पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी तक तैनात नहीं किए गए हैं।स्थानीय निवासियों और आसपास के व्यापारियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यहां जाम और अव्यवस्था की स्थिति रोज की बात बन चुकी है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

लोगों का कहना है कि शायद प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। मामले पर भीम आर्मी नेता तेज प्रताप सैनी, अजय प्रताप सैनी, रवि और तेजपाल सिंह आदि ने भारी निराशा और रोष व्यक्त किया है। उन्होंने मांग की है कि जब तक फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक यहां स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं और मार्ग परिवर्तन के सुरक्षित इंतजाम किए जाएं ताकि आम जनता को दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।
