‘पिल्ला गैंग’ पर पुलिस का प्रचंड ‘प्रहार’: सतीघाट फायरिंग कांड के 3 शातिर दबोचे, सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी पड़ी भारी!

कनखल: जनपद में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर अपना कड़ा शिकंजा कसा है। सोशल मीडिया पर मामूली कमेंटबाजी के विवाद में सतीघाट पर युवक पर जानलेवा हमला और फायरिंग करने वाले कुख्यात ‘पिल्ला गैंग’ के तीन सदस्यों को कनखल पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के कड़े निर्देशों पर की गई इस त्वरित कार्रवाई से अपराध जगत में खलबली मच गई है।यह पूरी घटना 27 अक्टूबर की रात कनखल क्षेत्रांतर्गत सतीघाट की है, जहाँ युवकों के दो गुटों के बीच सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणी को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मारपीट करते हुए वादी के पुत्र को जान से मारने की नीयत से सीधे तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि युवक इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी शुरू की।घटना के तुरंत बाद प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 28 अक्टूबर को ही दबिश देकर वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों—आर्यन राजपूत निवासी लोधामंडी, गौतम सिंह निवासी बैरागी कैंप और मनीष कुमार निवासी बैरागी कैंप को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील कुमार की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशास का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *