सिडकुल : Social media पर दलित समाज की लड़कियों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद सिडकुल थाना क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। मामला सामने आते ही भीम आर्मी (कांशीराम) दल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अंकुश शेरवाल अपने समर्थकों के साथ सिडकुल कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर में जमकर नारेबाजी करते हुए घटना पर गहरा विरोध दर्ज कराया। हेतमपुर निवासी शिकायतकर्ता कार्तिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों में से एक की पहचान पड़ोस के गांव रोशनाबाद निवासी वंशपाल के रूप में हुई है। जब कार्तिक किसी काम से रोशनाबाद जा रहा था, तब रास्ते में वंशपाल ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर वंशपाल ने उसके साथ भी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी कि वीडियो में तीन लोग हैं, जो तुमसे हो सकता है कर लो, मैं वीडियो डिलीट नहीं करूंगा और अगर ज्यादा चि-चपत की तो इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। पीड़ित ने तहरीर में वीडियो से जुड़े तीन अन्य युवकों के नाम भी उजागर करते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल कोतवाल अजय शाह ने स्थिति को संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। कोतवाल अजय शाह ने बताया कि वायरल वीडियो और प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कानून हाथ में लेने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी और जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त किया।
दलित समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल, सिडकुल थाने में भीम आर्मी का प्रदर्शन।
