हरिद्वार (कनखल): हरिद्वार के कनखल क्षेत्र अंतर्गत बैरागी कैंप के पास बड़ा टापू के सामने गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने से एक बोलेरो गाड़ी बह गई। गाड़ी में चालक समेत तीन लोग मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना कनखल पुलिस, जल पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर दो युवकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि वाहन चालक पानी के तेज़ बहाव में लापता हो गया।मंगलवार शाम को बैरागी कैंप क्षेत्र में कुंभ मेले के कार्य में जुटे कर्मचारियों और मजदूरों ने पुलिस को गंगा में वाहन बहने की जानकारी दी। मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई और पुलिस टीमों ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।पूछताछ में पता चला कि जनपद चमोली के थाना चौखुटिया अंतर्गत ग्राम सिमलखेत निवासी 38 वर्षीय चालक पुष्कर सिंह पुत्र सोनप्रयाग (रुद्रप्रयाग) से सवारियां लेकर हरिद्वार आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद चालक अपने दो साथियों के साथ वाहन को धोने के लिए गंगा नदी में उतरा था। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी का बहाव तेज़ होने के कारण तीनों लोग वाहन समेत बहने लगे।रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए जनपद चमोली के थाना गैरसैण स्थित ग्राम आगर चट्टी निवासी 23 वर्षीय हिमांशु रावत पुत्र सुरेंद्र सिंह रावत और चमोली निवासी 28 वर्षीय राकेश सिंह पुत्र सरोप सिंह को सकुशल बचा लिया।लापता चालक पुष्कर सिंह की तलाश के लिए संयुक्त टीमों द्वारा नदी में गहन खोज अभियान चलाया जा रहा है। हादसे की सूचना लापता चालक के परिजनों को दे दी गई है।
गंगा के तेज़ बहाव में बही बोलेरो, दो युवकों को बचाया गया और चालक की तलाश जारी
