हरिद्वार वित्तीय सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा वित्तीय समावेशन को पूर्ण संतृप्ति तक ले जाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक द्वारा दिनांक 15 जून 2026 को गणपति फार्म, बहादराबाद (हरिद्वार) में एक वित्तीय समावेशन संतृप्ति मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
इस मेगा कैंप में पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख श्री रंजन प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) हरिद्वार श्री दिनेश गुप्ता तथा एसएलबीसी के वरिष्ठ अधिकारीगण सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं बैंक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
कैंप का उद्देश्य वित्तीय समावेशन से वंचित व्यक्तियों को बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY) एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
इसके अतिरिक्त मौके पर ही री-केवाईसी (Re-KYC), सी-केवाईसी (CKYC), नामांकन (Nomination) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा निष्क्रिय (Inoperative) खातों को पुनः सक्रिय करने की प्रक्रिया भी संपन्न की जाएगी। जिन खाताधारकों ने अभी तक नामांकन नहीं कराया है, उन्हें नामांकन की सुविधा प्रदान की जाएगी।
मेगा कैंप में आमजन को डिजिटल बैंकिंग एवं साइबर/डिजिटल फ्रॉड से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा, जिससे वे सुरक्षित एवं सशक्त बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकें।
पंजाब नेशनल बैंक एवं लीड बैंक कार्यालय हरिद्वार द्वारा क्षेत्र की समस्त जनता, विशेषकर ग्रामीण नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस मेगा कैंप में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें, उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दें!
