हरिद्वार (फरमान खान): जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसएसपी हरिद्वार के कड़े निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।यह सफलता कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर में एलआईसी बिल्डिंग के पीछे चेकिंग के दौरान मिली। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोका और जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से स्पैसमोर के 480 कैप्सूल और स्पैस्कोर-वॉन के 120 कैप्सूल बरामद हुए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 600 नशीले कैप्सूल जब्त किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरुख, निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।नशे के इस कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एएनटीएफ के हेड कांस्टेबल रियाज अली की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। उनकी सक्रियता के साथ-साथ नीतुल यादव और रणजीत सिंह सिद्धू के विशेष योगदान ने इस संयुक्त कार्रवाई को मजबूती प्रदान की। पुलिस का उद्देश्य ऑपरेशन प्रहार के जरिए नशीले पदार्थों की बिक्री रोककर युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन नशीले कैप्सूलों की आपूर्ति कहाँ से हो रही थी और इसमें कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं।
ऑपरेशन प्रहार: ज्वालापुर में 600 नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर गिरफ़्तार
