बहन के इलाज के लिए पैसों की तंगी पड़ी भारी, 19 साल का साहिब बना चोर; हरिद्वार पुलिस ने की दो गिरफ्तारियां

रानीपुर : कानून की नजर में अपराध हमेशा अपराध ही रहता है, लेकिन कभी-कभी उसके पीछे छिपी परिस्थितियां दिल को झकझोर कर रख देती हैं। हरिद्वार के कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पशु चोरी के दो मामले सामने आए हैं, जिनमें एक तरफ जहां आदतन अपराधियों की करतूतें हैं, वहीं दूसरी तरफ एक भाई की ऐसी लाचारी है जो बहन की जान बचाने के लिए कानून के दायरे से बाहर निकल गया।कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर निवासी विक्रम सिंह की भैंस चोरी के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय साहिब पुत्र मुर्सलीन को सुमननगर स्थित अमरूद के बाग से दबोचा। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब साहिब से पूछताछ की गई तो एक बेहद दर्दनाक सच सामने आया। आरोपी ने बताया कि उसकी बहन एम्स अस्पताल में भर्ती है और उसकी जिंदगी बचाने के लिए इलाज के वास्ते पैसों की सख्त जरूरत थी। जब कोई और रास्ता नहीं सूझा तो उसने मजबूरी में कुतुबपुर गांव से भैंस चुराई ताकि उसे बेचकर बहन का इलाज करा सके। रात भर भैंस को बाग में छिपाकर रखने के बाद जब वह उसे गागलहेड़ी बेचने जा रहा था, तब पुलिस ने उसे धर दबोचा। बहन की बीमारी के आगे बेबस हुआ वह युवा आज हवालात की सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।इसी तरह के एक अन्य मामले में सूखी नदी सेक्टर-5 बीएचईएल निवासी गुलाम रसूल के डेरे से गाय चोरी हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजा पुत्र निसार को सूखी नदी सेक्टर-5 से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की गई गाय तथा बिना नंबर प्लेट की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में राजा ने कबूला कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले भी टिहरी विस्थापित कॉलोनी और सेक्टर-04 बीएचईएल से कार के जरिए गायें चुरा चुका है। घटना की रात पुलिस को देखकर उसके साथी कार लेकर फरार हो गए, जबकि मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने के कारण वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उनमें सुसंगत धाराएं बढ़ा दी हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब एक लाख रुपये कीमत की भैंस, साठ हजार रुपये कीमत की गाय और घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और दोनों गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *