हरिद्वार: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने समयबद्ध तैयारियों के दृष्टिगत बीती शाम जिले में विशेष चुनाव सेल का गठन कर दिया है। इस नवगठित चुनाव सेल की कमान इंस्पेक्टर योगेश दत्त को सौंपी गई है, जिनके नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम कार्य करेगी। इस टीम में एक उपनिरीक्षक, एक अपर उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और आठ कांस्टेबल्स को तैनात किया गया है। तत्काल प्रभाव से लागू इस आदेश के तहत चुनाव सेल जिले में आगामी चुनावों से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं, सुरक्षा बल की मांग, आवंटित पुलिस बल के वितरण और चुनाव प्रबंधन से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मुस्तैदी से कार्य करेगी।इसके साथ ही जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एसएसपी ने चार उपनिरीक्षकों और एक अपर उपनिरीक्षक के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। जारी तबादला सूची के अनुसार, खानपुर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया को प्रभारी सीआईयू रुड़की बनाया गया है, जबकि लक्सर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को खानपुर का नया वरिष्ठ उपनिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं अमानतगढ़ चौकी प्रभारी मुनव्वर हुसैन को कोतवाली रुड़की भेजा गया है और थाना बुग्गावाला में तैनात उपनिरीक्षक सुनील रमोला को अमानतगढ़ चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा श्यामपुर कोतवाली में तैनात अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़ को चिड़ियापुर चौकी प्रभारी की कमान दी गई है। पुलिस कप्तान के इस कदम से जिले में प्रशासनिक कसावट और चुनावी तैयारियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
हरिद्वार पुलिस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां कीं तेज, चुनाव सेल का गठन कर अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में किया फेरबदल
