धनौरी में कॉलेज जा रही विवाहिता से चार युवतियों ने की मारपीट, वीडियो वायरल

कलियर : धनौरी स्थित एक कॉलेज में पढ़ने वाली विवाहिता के साथ चार युवतियों द्वारा बीच सड़क पर जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी में तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी महिला धनौरी के एक कॉलेज में पढ़ती हैं। वह अपने कॉलेज प्रोजेक्ट की फाइल बनवाने के लिए बाजार में फोटोस्टेट कराने गई थीं। इसी दौरान पहले से मौजूद दौलतपुर, जसवावाला और धनौरी गांव की रहने वाली चार युवतियों ने उन्हें घेर लिया और बीच सड़क पर ही मारपीट शुरू कर दी।चारों युवतियों को अकेली विवाहिता से मारपीट करते देख आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह पीड़िता को उनके चंगुल से छुड़ाया। जाते-जाते आरोपी युवतियां विवाहिता को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गईं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवतियों से उन्हें लगातार जान का खतरा बना हुआ है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस मामले में सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी ने बताया कि पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *