मुज़फ्फरनगर: भारतीय किसान यूनियन के केन्द्रीय कार्यालय किसान भवन, सिसौली द्वारा उत्तराखंड में संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने आधिकारिक नामांकन पत्र जारी करते हुए राज्य के दो प्रमुख कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी संजय चौधरी की संगठन के प्रति निष्ठा और मेहनत को देखते हुए उन्हें भारतीय किसान यूनियन का उत्तराखंड प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं दूसरे नामांकन पत्र के जरिए हरिद्वार जिले के बूडपुर चौहान (झबरेड़ा) निवासी विजय शास्त्री पुत्र श्री रामधन सिंह आर्य को गढ़वाल मण्डल के मण्डल अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है।
नियुक्ति पत्र जारी करते हुए राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पदाधिकारी संगठन के सिद्धांतों और चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत जी की नीतियों व कार्यक्रमों का घर-घर प्रचार-प्रसार कर किसानों के हक की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेंगे।
उत्तराखंड में हुई इन महत्वपूर्ण नियुक्तियों से कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों में खुशी का माहौल है और दोनों नेताओं को बधाइयां मिलने का सिलसिला जारी है।
