साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश: ₹80 लाख के फ्रॉड मामले में 23 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, पासबुक व ATM बरामद

फरजाना मंसूर | मंगलौर: हरिद्वार एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के कुशल नेतृत्व में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के विभिन्न राज्यों में ₹80 लाख से अधिक की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी लॉटरी लगने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाता था।प्रतिबिम्ब पोर्टल के जरिए एक हॉटस्पॉट संबंधित बैंक खाता भी पुलिस की रडार पर आया था। जांच में सामने आया कि इस अकेले बैंक खाते के खिलाफ गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मंगलौर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध खाते से जुड़ी जानकारियां जुटाईं, जिसमें आकाश कुमार (उम्र 23 वर्ष) पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी आकाश अपने नाम से कुल 6 बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन सभी छह खातों के माध्यम से देश भर में ₹80 लाख से अधिक की साइबर धोखाधड़ी की जा चुकी थी।आरोपी लोगों को फोन और अन्य डिजिटल माध्यमों से बड़ी लॉटरी या इनाम जीतने का लालच देता था। जैसे ही लोग उसके झांसे में आते, आरोपी ठगी की रकम को एटीएम के जरिए निकाल लेता था और फिर उसे अन्य लाभार्थी खातों में ट्रांसफर कर नेटवर्क को आगे बढ़ाता था।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 6 बैंक पासबुक, 6 एटीएम कार्ड और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *