लक्सर कोतवाली में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती

लक्सर (फरजाना मंसूर) :लक्सर कोतवाली परिसर में देश के प्रथम गृहमंत्री एवं ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। इस कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने बच्चों और छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश की एकता, अखंडता और सरदार वल्लभभाई पटेल के महान आदर्शों से परिचित कराना था। समारोह को संबोधित करते हुए लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने उपस्थित बच्चों और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता एवं संप्रभुता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर एक अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके दृढ़ संकल्प, अद्वितीय नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हर एक नागरिक की प्राथमिक जिम्मेदारी है और युवाओं को उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में उतारकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी द्वारा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।इस गरिमामयी अवसर पर लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, विभिन्न पुलिस चौकियों के प्रभारी, उपनिरीक्षक, अन्य पुलिसकर्मी तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: फरजाना मंसूर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *