शादी के सात दिन बाद उजड़ा सुहाग,सड़क हादसे में गंभीर घायल अंकित की मौत: आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

खानपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल युवक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम,न्याय की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन

हरिद्वार/खानपुर(फरमान खान)शादी की खुशियां अभी ठीक से परिवार में बिखर भी नहीं पाई थीं कि एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। खानपुर निवासी अंकित पुत्र नरेंद्र की शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।महज एक सप्ताह पहले ही अंकित की शादी हुई थी। नवविवाहित युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया,वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व अंकित की शादी हुई थी। बताया गया कि विकासखंड कार्यालय खानपुर के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर लगने के कारण अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया था।हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया,जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था।कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
अंकित की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और आसपास के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।आक्रोशित लोगों ने खानपुर में सड़क पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक-एक किलोमीटर तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर खानपुर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने काफी देर तक परिजनों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया,लेकिन आक्रोशित लोग सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है,कि एक सप्ताह पहले जिस घर में शादी की खुशियां थीं,आज उसी घर में मातम पसरा गया। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ जल्द से जल्द कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।पुलिस की ओर से मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और यातायात सुचारू हो सका।
एक नवविवाहित युवक की असमय मौत ने पूरे खानपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।परिजनों की मांग है,कि हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्ती से कानूनी कार्रवाई की जाए,ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *