
तहसील रुड़की एवं भगवानपुर में राजस्व कार्यों के सुचारू संचालन और जनहित में जारी किए गए आदेश
हरिद्वार अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आदेशों के अनुपालन में जनपद में राजस्व कार्यों के सुचारू संचालन एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए तहसील रुड़की एवं भगवानपुर में स्थानीय व्यवस्था के अंतर्गत तीन राजस्व निरीक्षकों को अस्थायी/स्थानापन्न नायब तहसीलदार के पद पर पुनः तैनाती दी गई है।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, उत्तराखण्ड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक(नायब तहसीलदार)सेवा नियमावली,2009 तथा शासन द्वारा समय-समय पर जारी अधिसूचनाओं एवं शासनादेशों में दी गई व्यवस्था के तहत राजस्व निरीक्षक संवर्ग की जनपदीय वरिष्ठता एवं निर्धारित तीन वर्ष की सेवा पूर्ण करने की अर्हता के आधार पर कार्मिकों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके तहत लेखचन्द गुप्ता,राजस्व निरीक्षक तहसील भगवानपुर को तहसील रुड़की,सुशील कुमार,राजस्व निरीक्षक तहसील रुड़की को तहसील रुड़की तथा ओमप्रकाश,राजस्व निरीक्षक तहसील रुड़की को तहसील भगवानपुर में अस्थायी/स्थानापन्न नायब तहसीलदार के पद पर तैनात किया गया है।
उक्त तीनों कार्मिकों की तैनाती दिनांक 04 नवंबर 2026 से 42 दिनों की अवधि के लिए की गई है।आदेश के अनुसार,पूर्व में निर्धारित 42 दिनों की अवधि पूर्ण होने के बाद स्थानीय व्यवस्था में एक दिन का व्यवधान रखते हुए पुनः तैनाती की गई है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य तहसीलों में राजस्व संबंधी कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना तथा आमजन को राजस्व सेवाओं का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराना है। संबंधित कार्मिकों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से करने के निर्देश दिए गए हैं।
