
ऑनलाइन जनगणना की प्रक्रिया,पोर्टल के इस्तेमाल और तकनीकी पहलुओं की दी गई जानकारी,आमजन को जागरूक करने का भी लिया संकल्प
हरिद्वार/रायसी(फरमान खान)जनगणना-2027 को सफल बनाने और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज,रायसी में सोमवार को छात्र-छात्राओं के लिए स्वयंगणना(सेल्फ एन्यूमरेशन)प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इसमें करीब 200 विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.के.पी.सिंह,सचिव डॉ.हर्ष कुमार दौलत, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रभावती एवं कोषाध्यक्ष डॉ.निशांत ने संयुक्त रूप से किया।इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर आदित्य गौतम ने विद्यार्थियों को स्वयंगणना की उपयोगिता और इसके महत्व से अवगत कराया।उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।इससे जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण सत्र में महाविद्यालय के फील्ड ट्रेनर डॉ.मौ.इकराम अंसारी,डॉ.प्रदीप कुमार और डॉ.हेमंत पंवार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन एवं वीडियो के माध्यम से स्वयंगणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयंगणना पोर्टल के उपयोग,ऑनलाइन विवरण भरने,जरूरी दिशा-निर्देशों,तकनीकी बारीकियों और प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद अहम है।विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं स्वयंगणना की प्रक्रिया समझने के साथ ही अपने परिवार,आसपास के लोगों और आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी और लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।महाविद्यालय प्रबंधन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया से जोड़कर उन्हें जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार करना रहा।प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
