बहादराबाद। क्षेत्र के मूलदासपुर गांव में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात बेखौफ चोरों ने खेतों में लगे कई ट्यूबवेल को निशाना बनाते हुए वहां से महंगे बिजली के केबल काट लिए। रविवार की सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो उन्हें इस चोरी का पता चला। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने बहादराबाद थाना पुलिस को सूचना देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूलदासपुर निवासी किसान दिनेश, संदीप सैनी, रणवीर, मानसिंह और पवन रोज की तरह अपने खेतों में सिंचाई के लिए पहुंचे थे। वहां उन्होंने देखा कि नलकूपों के बिजली के केबल कटे हुए हैं और चोर उपकरण गायब कर चुके हैं।पीड़ित किसानों का कहना है कि क्षेत्र में केबल और नलकूप के उपकरण चोरी होने की यह कोई नई घटना नहीं है। इससे पहले भी चोर कई बार बिजली से चलने वाले नलकूपों के कीमती उपकरण और केबल उड़ा चुके हैं। बार-बार हो रही इन चोरियों के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है और फसलों की सिंचाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।वहीं, मामला संज्ञान में आते ही पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस टीम जांच में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
