
16 नवंबर से शुरू हुआ जन-जागरूकता कार्यक्रम,11 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम-वीवीपैट को अलग स्ट्रांग रूम में रखा गया
डेमोस्ट्रेशन सेंटर पर आमजन को मिलेगा मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण
हरिद्वार,जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार विधानसभा के आगामी सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद हरिद्वार में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है।यह अभियान 16 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो चुका है। इसके तहत जनपद के सभी 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में आमजन को ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने अवगत कराया है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच(एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए कुल 181 ईवीएम(बीयू,सीयू एवं वीवीपैट)चिन्हित की गई हैं।इनमें से 23 बैलेट यूनिट(बीयू-23),23 कंट्रोल यूनिट(सीयू-23) और 23 वीवीपैट को अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है।यह प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप पूरी की गई।प्रशिक्षण के लिए चिन्हित मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है।
मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन दिखाने के लिए प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालय पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंट(ईडीसी)स्थापित किए गए हैं।इन केंद्रों पर आम नागरिक ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे।इसके साथ ही जनपद के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन(एमडीवी)तैनात की गई हैं।ये वैन मतदान केंद्रों गांवों,मोहल्लों,वार्डो एवं विभिन्न क्लस्टरों तक पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करेंगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने तक यह व्यावहारिक जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।
उन्होंने अवगत कराया कि अभियान की प्रगति पर भी नियमित निगरानी रखी जा रही है इसके तहत ईडीसी एवं एमडीवी के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों,प्रदर्शन देखने वाले लोगों तथा मॉकपोल(दिखावटी मतदान)में प्रतिभाग करने वाले नागरिकों की संख्या की साप्ताहिक अथवा पाक्षिक रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के संभ्रांत नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें और ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें।साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
