कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र में मंगलवार को दो यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि शिव विहार कॉलोनी मंडावर के पीछे क्वांटम यूनिवर्सिटी और उत्तरांचल यूनिवर्सिटी देहरादून में पढ़ने वाले छात्रों में झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही मंडावर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शांति भंग करने पर चार युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है और अब उन्हें उपजिलाधिकारी न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार युवकों की पहचान मेरठ निवासी चिराग देशवाल और शिवम चौहान तथा सहारनपुर निवासी सार्थक राठी और प्रियांशु मित्तल के रूप में हुई है।

