
हरिद्वार (फरमान खान)नशे के खिलाफ जंग में केवल कार्रवाई ही नहीं,बल्कि जागरूकता और सकारात्मक गतिविधियों के जरिए लोगों को नई राह दिखाने की दिशा में भी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ)हरिद्वार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को निरीक्षक शांति कुमार और हेड कांस्टेबल रियाज अली की सक्रिय भूमिका में मिस्सरपुर, कनखल स्थित निर्वाण नशा मुक्ति केंद्र में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए)के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को नशे से दूरी बनाने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।आयोजन के दौरान खेलकूद के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने,आत्मविश्वास बढ़ाने तथा अनुशासन और टीम भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
जागरूकता के साथ सकारात्मक बदलाव पर जोर
निरीक्षक शांति कुमार ने नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में पहल करते हुए खेल गतिविधियों के महत्व को रेखांकित किया।वहीं,हेड कांस्टेबल रियाज अली ने एएनटीएफ टीम के साथ अभियान को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि नियमित खेलकूद और व्यायाम अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ा जा सकता है।नशे से दूरी बनाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य रहा।
खेल के मैदान से नशे के खिलाफ मजबूत संदेश
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने खेल भावना और उत्साह का परिचय दिया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। एएनटीएफ की यह पहल नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने और नशा मुक्ति की प्रक्रिया से गुजर रहे लोगों में सकारात्मक ऊर्जा विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।एएनटीएफ हरिद्वार द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षक शांति कुमार और हेड कांस्टेबल रियाज अली सहित टीम के सदस्यों की सहभागिता ने इस अभियान को जनजागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश से जोड़ने में योगदान दिया। इस मौके पर निरीक्षक शांति कुमार,हेड कांस्टेबल रियाज अली महिला हेड कांस्टेबल सुरजीत कौर,कांस्टेबल रणजीत सिंह, कांस्टेबल त्रिभुवन यादव,महिला कांस्टेबल दीपा और महिला कांस्टेबल चांदनी आदि मौजूद रहे।
