
कई माह से बैठक नहीं होने पर सभासदों ने उठाई थी आवाज,अपर जिलाधिकारी ने एसडीएम को जारी किया आदेश
लक्सर(फरमान खान)नगर पालिका परिषद लक्सर में पिछले कई महीनों से बोर्ड बैठक आयोजित नहीं होने का मामला अब जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। सभासदों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी कार्यालय ने नगर पालिका की बोर्ड बैठक तत्काल आयोजित कराने के निर्देश जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने उप जिलाधिकारी लक्सर को पत्र जारी कर नियमानुसार जल्द बोर्ड बैठक आहूत कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी कार्यालय से 16 नवंबर 2026 को जारी पत्र संख्या 746/एलबीए/2026-27 के अनुसार नगर पालिका परिषद लक्सर की पिछली बोर्ड बैठक 6 मार्च 2026 को आयोजित हुई थी। इसके बाद से अब तक दूसरी बैठक नहीं हो सकी है। इसको लेकर 16 नवंबर को नगर पालिका के सभासदों ने प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन को समस्या से अवगत कराया था।
सभासदों ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा था कि कई महीनों से बोर्ड बैठक नहीं होने के कारण नगर के विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और आवश्यक निर्णय नहीं हो पा रहे हैं। इससे नगर के विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
मामले का संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी ने एसडीएम लक्सर को निर्देशित किया है कि नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल बोर्ड बैठक आयोजित कराई जाए। बैठक के एजेंडे में लंबित विकास प्रस्तावों के साथ जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को भी शामिल किया जाए, ताकि उन पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बैठक संपन्न होने के तत्काल बाद कार्यवाही का कार्यवृत्त, पारित प्रस्तावों और लिए गए निर्णयों की प्रमाणित प्रतियां उत्तराखंड शासन, निदेशालय तथा जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएं।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी को भी बैठक का एजेंडा तैयार करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में पूरी प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन के इन निर्देशों के बाद लक्सर नगर पालिका की बोर्ड बैठक कब आयोजित होती है और नगर के लंबित विकास कार्यों को लेकर कौन-कौन से महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाते हैं।
