
हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सुधार की शुरुआत स्वयं से करने का किया आह्वान
हरिद्वार/धनौरी(विशेष/सोनू चौहान)प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इसलिए शिक्षकों को स्वयं नैतिक मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करना चाहिए और विद्यार्थियों को भी नैतिक शिक्षा,संस्कार एवं अनुशासन की सीख देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सबसे पहले स्वयं में सुधार करना आवश्यक है।जब शिक्षक स्वयं आदर्श प्रस्तुत करेंगे,तभी विद्यार्थी उनसे प्रेरणा लेकर एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकेंगे।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज,धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय की स्थापना एवं इसके विकास में स्वर्गीय शिक्षाविद् डॉ.तेजवीर सिंह सैनी के योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी शिक्षा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं थे,वहां डॉ.सैनी ने शिक्षा की अलख जगाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।उनके द्वारा लगाया गया शिक्षा का पौधा आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है।उनके दूरदर्शी विचारों एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है,कि आज क्षेत्र में अनेक शिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं,और युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ.योगेश कुमार ने कहा कि हरिओम सरस्वती महाविद्यालय सहित क्षेत्र की कई शिक्षण संस्थाएं स्वर्गीय डॉ.तेजवीर सिंह सैनी के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं।उनकी प्रेरणा एवं दूरदर्शिता से संस्थाएं लगातार प्रगति कर रही हैं,और शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.मुनेन्द्र सिंह ने स्वर्गीय डॉ.तेजवीर सिंह सैनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 06 जुलाई 2019 को उनका निधन परिवार एवं संस्थान के लिए अपूरणीय क्षति थी। उनके द्वारा स्थापित शैक्षणिक संस्थान आज भी उनके विचारों, आदर्शों एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणिमा पांडे ने स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इससे पूर्व महाविद्यालय पहुंचने पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ.हर्ष सैनी एवं सचिव डॉ.आदित्य सैनी ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ.अंजली गौड़,डॉ.निशा रानी,डॉ.छवि,डॉ.रविंद्र कुमार,डॉ.प्रदीप सैनी,डॉ.संजय कुमार,डॉ.अंकेश चौहान,डॉ.जयदेव कुमार,डॉ.सुरभि सागर,जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त)डॉ.सरिता पंवार,डॉ.अंजु सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
