सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की सतर्कता से हुआ मंदिर की चोरी का पर्दाफाश

लक्सर पुलिस की सक्रियता रंग लाई,दानपात्र से चोरी की गई रकम में से 4850 रुपये बराम

(हरिद्वार)। लक्सर क्षेत्र के सोसाइटी रोड स्थित साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से हुई चोरी की घटना का लक्सर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 4850 रुपये नकद बरामद किए हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने से लेकर संदिग्धों की तलाश और गिरफ्तारी तक पुलिस टीम की मुस्तैदी और बेहतर सुरागरसी इस कार्रवाई में अहम साबित हुई।

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से करीब 10 से 12 हजार रुपये चोरी कर लिए गए थे। मामले में मंदिर सोसायटी रोड निवासी अवनीश शर्मा की तहरीर पर 14 नवंबर को कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली। साथ ही संदिग्धों के आवागमन के रास्तों पर निगरानी बढ़ाते हुए लगातार चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस टीम की लगातार मेहनत, सटीक सुरागरसी और संदिग्धों पर पैनी नजर का नतीजा रहा कि 14 नवंबर को तीन आरोपियों को चोरी की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेमचंद उर्फ खेमा पुत्र देशराज, लोकेश पुत्र कंवरपाल तथा कृष्णा उर्फ गोलू पुत्र जसवीर, निवासीगण ढाडेकी, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, हेड कांस्टेबल अरविंद और हेड कांस्टेबल शमशेर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच, संदिग्धों की तलाश और लगातार चेकिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में पुलिसकर्मियों की सक्रियता निर्णायक रही।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 305(ए) और 317 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। मंदिर के दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई धनराशि चोरी होने की घटना का खुलासा होने से क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई की चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *