लक्सर और देहरादून के राजकीय विद्यालयों में रिलैक्सो की परिवर्तन परियोजना के तहत आयोजन, आकर्षक स्टॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
हरिद्वार लक्सर(फरमान खान)बाल दिवस के अवसर पर रिलैक्सो की ओर से संचालित परिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना के अंतर्गत सहयोगी संस्था ममता HIMC और शिक्षा विभाग के सहयोग से लक्सर एवं देहरादून के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में बाल मेलों का आयोजन किया गया। मेलों का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें रचनात्मकता,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता के गुण विकसित करना रहा।
लक्सर विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय खंडंजा कुतुबपुर,राजकीय इंटर कॉलेज मुंडाखेड़ा कलां,राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंडाखेड़ा कलां तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय मुंडाखेड़ा कलां-1 एवं 2 में बाल मेले आयोजित किए गए।वहीं देहरादून के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली,राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डोईवाला,राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुँवावाला और राजकीय प्राथमिक विद्यालय काला गांव में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान सुभाष मनवाल,ग्राम प्रधान श्रीमती कंचन राणा,पीटीए अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य श्रीराम बाबू विमल की उपस्थिति में हुआ। बाल मंत्रिमंडल के बच्चों ने अन्य विद्यार्थियों के सहयोग से आकर्षक स्टॉल लगाए और अपनी रचनात्मकता एवं कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली के प्रधानाचार्य ने रिलैक्सो की ओर से विद्यालयों के नवीनीकरण,आधारभूत सुविधाओं के विकास और बच्चों के कौशल संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। खंड शिक्षा अधिकारी लक्सर ने बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बाल मेलों को बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय पहल बताया। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर, देहरादून ने रायपुर विकासखंड के सात विद्यालयों में रिलैक्सो द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
रिलैक्सो के सीएसआर प्रमुख गंभीर अग्रवाल ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि परिवर्तन परियोजना का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है।उन्होंने परियोजना के संचालन में सहयोग एवं मार्गदर्शन देने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार एवं देहरादून तथा समग्र शिक्षा के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
