खानपुर (फरजाना खातून) : हरिद्वार जनपद के खानपुर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ब्राह्मणवाला गांव में संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम पर एक अत्यंत भव्य संत रविदास धाम का निर्माण होने जा रहा है। खानपुर विधायक उमेश कुमार ने वैदिक पूजा-अर्चना और विधिवत अनुष्ठान के साथ धाम का शिलान्यास कर निर्माण कार्य का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस पावन और ऐतिहासिक अवसर पर धाम परिसर में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ ध्वज स्थापना भी की गई।इस भव्य धाम के निर्माण में क्षेत्र के स्थानीय किसान शेर सिंह ने एक मिसाल कायम करते हुए अतुलनीय योगदान दिया है। उन्होंने धाम के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये से भी अधिक मूल्य की अपनी जमीन दान में दी है। इस दान की भूमि पर संत रविदास जी के विचारों, शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेशों को समर्पित एक विशाल धाम विकसित किया जाएगा। यह धाम आने वाली पीढ़ियों को समानता, मानवता और भेदभाव रहित समाज के निर्माण की प्रेरणा देने का काम करेगा। धाम निर्माण के इस अवसर को यादगार बनाने के लिए लक्सर से लेकर ब्राह्मणवाला के पास स्थित निर्माणाधीन स्थल तक लगभग दस किलोमीटर लंबी भव्य यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने बहुत उत्साह के साथ स्वागत किया। इस यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालु अपने साथ ईंटें लेकर आए थे, जिन्हें धाम की नींव में रखकर निर्माण कार्य में अपना योगदान दिया गया। इस अनूठी पहल से समाज में एकजुटता, भाईचारे और सामूहिक भागीदारी का एक बेहद मजबूत संदेश गया।इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में संत रविदास गद्दी से आए पूज्य संतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इसके साथ ही भीम आर्मी नेता तेज प्रताप सैनी, सोनिया शर्मा और विधायक उमेश कुमार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के आदर्शों पर आधारित यह धाम पूरे क्षेत्र में सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
खानपुर में बनेगा भव्य संत रविदास धाम, विधायक उमेश कुमार ने किया शिलान्यास
