फरजाना मंसूर । लक्सर
लक्सर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में महर्षि वाल्मीकि जयंती बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर पूरे नगर क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जयंती समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भव्य आयोजन के दौरान ढोल-नगाड़ों और डीजे की मधुर धुन पर श्रद्धालु पूरी भक्तिभाव के साथ झूमते नजर आए।समारोह के अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संजीव उर्फ नीटू ने समस्त नगरवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नगरवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जिस तरह एकजुट होकर महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है, वह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। यह आयोजन लोगों की अगाध आस्था और आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के प्रति उनके गहरे सम्मान को दर्शाता है।महर्षि वाल्मीकि के योगदान को याद करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने आगे कहा कि उन्होंने कालजयी महाकाव्य रामायण की रचना कर संपूर्ण मानवता को एक अमूल्य सांस्कृतिक और नैतिक धरोहर सौंपी है। रामायण में निहित शिक्षाएं आज केवल भारत में ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व में लोगों को सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं। महर्षि वाल्मीकि के विचार और उनके द्वारा दिए गए संदेश समाज के लिए सदैव प्रासंगिक रहेंगे।अंत में नगर पालिका अध्यक्ष संजीव उर्फ नीटू ने जयंती समारोह में महिलाओं और पुरुषों की भारी उपस्थिति तथा सक्रिय भागीदारी पर खुशी जाहिर करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगरवासी इसी तरह आपसी सौहार्द, श्रद्धा और उत्साह के साथ महर्षि वाल्मीकि जयंती का आयोजन करते रहेंगे।
