बहादराबाद : थाना क्षेत्र के चर्चित ‘हैप्पी हत्याकांड’ में बहादराबाद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार और इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। यह सनसनीखेज वारदात 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा के पास हुई थी। बीती 14 सितंबर की शाम को अज्ञात बदमाशों ने 28 वर्षीय हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के शांतरशाह निवासी भाई कपिल की तहरीर पर थाना बहादराबाद में हत्या की धारा तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही थी।बहादराबाद पुलिस टीम को मुखबिर से खास सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए रविवार को रुड़की स्थित नवजीवन अस्पताल के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने मौके से फरार और इनामी अभियुक्त शादाब , निवासी ग्राम दतौली रांगड़, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को धर दबोचा। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त शादाब ने हत्याकांड की पूरी परतें खोल दीं। उसने बताया कि उसकी समीर, इस्तेकार और मुदस्सिर से गहरी दोस्ती थी। इस्तेकार ने लालच देकर समीर से उसकी KTM ड्यूक मोटरसाइकिल ली थी और हैप्पी की हत्या की योजना रची थी।तय योजना के मुताबिक शादाब, मुदस्सिर और इस्तेकार KTM मोटरसाइकिल से सहारनपुर से चलकर भगवानपुर, हल्लू माजरा, धनौरी और बहादराबाद के रास्ते शांतारशाह पहुंचे। तीनों ने पतराम होटल के पीछे अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की। इसके बाद शादाब वाहन के पास ही मुस्तैद रहा, जबकि इस्तेकार और मुदस्सिर चेहरे पर कपड़ा लपेटकर तथा तमंचे लेकर पैदल हैप्पी की दुकान तक पहुंचे।मौका मिलते ही इस्तेकार और मुदस्सिर ने हैप्पी को गोली मार दी। वारदात के बाद स्थानीय लोगों के विरोध करने और पीछे पड़ने पर दोनों दौड़कर मोटरसाइकिल के पास लौटे, जहां शादाब उनका इंतजार कर रहा था। इसके बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर रुड़की की तरफ फरार हो गए थे।इस बहुचर्चित हत्याकांड का खुलासा करने और मुख्य अभियुक्त को दबोचने वाली पुलिस टीम में कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज तथा कांस्टेबल विकास थापा शामिल रहे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
बहुचर्चित ‘हैप्पी हत्याकांड’ का इनामी अभियुक्त शादाब गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद
