बहादराबाद : दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहादराबाद टोल प्लाज़ा से पतंजलि पुल के बीच यात्रियों और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी यातायात समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर स्थित एक कार एजेंसी के ठीक सामने सड़क किनारे वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। जो पास से गुजरने वाले अन्य वाहनों और राहगीरों के लिए मुसीबत खड़ी कर रही हैं। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ये वाहन मुख्य मार्ग की चौड़ाई को काफी कम कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।राजमार्ग के एक हिस्से में जहाँ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का निर्माण व मरम्मत कार्य चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ सड़क किनारे एजेंसी की गाड़ियों की कतार लगी रहती है। एनएचआई का काम चलने के कारण सड़क का एक हिस्सा पहले से ही बाधित है, ऐसे में बची हुई सड़क पर वाहनों का अवैध कब्ज़ा मार्ग को और संकरा बना देता है। इसके चलते इस मार्ग पर दिनभर गाड़ियाँ रेंगती हुई नज़र आती हैं और हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।राहगीरों का कहना है कि एनएचआई का निर्माण कार्य तो सभी को दिखाई दे रहा है, लेकिन दूसरी तरफ खड़ी वाहनों की यह लंबी कतार जिम्मेदार अधिकारियों की नज़र से पूरी तरह ओझल है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मुख्य सड़क पर इस तरह से गाड़ियों की पार्किंग सीधे तौर पर यातायात में व्यवधान उत्पन्न कर रही है। राहगीरों और वाहन चालकों ने यातायात पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े होने वाले इन वाहनों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि एनएचआई के काम के बीच मार्ग पर आवाजाही सुचारू हो सके।
बहादराबाद टोल प्लाज़ा और पतंजलि पुल के बीच कार एजेंसी के बाहर वाहनों का कब्ज़ा, कम हो रही सड़क की चौड़ाई
