तेज रफ्तार वाहनों के लिए फिसलन का सबब बनी गिट्टी, राहगीरों और दुकानदारों ने जताई दुर्घटना की आशंका

बढ़ेड़ी राजपूताना। बढ़ेड़ी राजपूताना से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिखरी गिट्टी और उड़ती धूल वाहन चालकों के लिए खतरा बनती जा रही है। सड़क पर फैली छोटी-छोटी गिट्टियां वाहनों के पहियों से उछलकर राहगीरों को चोटिल कर रही हैं, वहीं इनके कारण सड़क पर फिसलन की स्थिति बनी हुई है। दूसरी ओर, वाहनों की आवाजाही से उड़ रही धूल लोगों की आंखों में जलन पैदा करने के साथ ही वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रही है।स्थानीय राहगीरों और दुकानदारों का कहना है कि शाम के समय रोशनी कम होने पर धूल के गुबार से दृश्यता प्रभावित हो जाती है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहन और सड़क पर मौजूद बाधाएं देर से दिखाई देती हैं।

सड़क पर उड़ती धूल और सतह पर फैली गिट्टियां

गिट्टी से फिसलन और धूल के कारण कम होती दृश्यता दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से जोखिम भरी है। लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर छिटपुट घटनाएं आम हैं और समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाईवे की इस स्थिति के बावजूद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने सवाल किया कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?राहगीरों और दुकानदारों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क पर फैली गिट्टी हटाने, धूल पर नियंत्रण के उपाय करने और प्रभावित हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *