बहादराबाद की सड़को पर धूल का अंबार: विजिबिलिटी कम होने से हादसों का खतरा बढ़ा, व्यापारी और राहगीर परेशान

बहादराबाद। बहादराबाद चौकी के सामने से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर इन दिनों उड़ती धूल ने स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है। मुख्य सड़क पर बिखरी रेत और धूल भारी वाहनों की आवाजाही के चलते हवा में घुलकर धूल का गुबार बना रही है। इसके कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे दिन के समय भी चालकों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क पर लगातार उड़ती यह धूल सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। आंखों में धूल जाने के कारण जलन और देखने में असमर्थता हो रही है, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर किसी भी समय गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका लगातार बनी रहती है।

सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के व्यापारी भी इस धूल से बेहद त्रस्त हैं। दिनभर हवा में तैरती धूल दुकानों के भीतर रखे सामान पर जम रही है, जिससे सामान खराब हो रहा है। धूल के अत्यधिक जमाव के कारण ग्राहक दुकानों पर रुकने से कतरा रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है और उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

बहादराबाद के स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए और किनारे जमा रेत-धूल की सफाई जल्द पूरी की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *