ज्वालापुर: रविवार की बीती रात ज्वालापुर स्थित रामलीला ग्राउंड के पास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से पास ही खड़ी दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि तीन से चार अन्य वाहनों को भी काफी नुकसान पहुँचा है। गनीमत यह रही कि यह हादसा देर रात को हुआ, जब वहाँ कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया।जिस पानी की टंकी के पास यह हादसा हुआ, वहाँ अभी कुछ ही दिन पहले तक रामलीला का आयोजन चल रहा था और इसी दीवार से सटकर दर्शक दीर्घा की कुर्सियां लगाई गई थीं। यदि यह जर्जर दीवार रामलीला या दशहरे के दौरान गिरती, तो सैकड़ों लोगों की मौजूदगी के कारण एक भयावह हादसा हो सकता था। इस घटना से संबंधित विभाग की घोर लापरवाही साफ नजर आ रही है। अगर यह दीवार दिन के समय गिरती, जब राहगीरों की आवाजाही रहती है, तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाल ज्वालापुर चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही तुरंत राहत और सफाई का कार्य शुरू करवा दिया गया है तथा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
ज्वालापुर में बड़ा हादसा टला: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दीवार गिरने से कारें क्षतिग्रस्त, दशहरे के दौरान होता तो मच सकती थी तबाही
